भिलाई स्टील प्लांट की 7 यूनिट बंद होंगी, ऑफिशियल वर्क करने वालीं महिलाएं घर में रहकर काम करेंगी; ऐसा पहली बार

 कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में किए गए लॉकडाउन का शुक्रवार को तीसरा दिन है। सेल की सबसे बड़ी यूनिट भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) भी लॉकडाउन कर दी गई। इतिहास में पहली बार आधी यूनिट यानी 7 शॉप्स (यूनिट) को बंद किया जा रहा है। यहां ऑफिशियल काम करने वाली महिलाएं कल से वर्क फ्रॉम होम करेंगी। इससे पहले दिन में कर्मचारियों ने वायरस के डर से काम करने से इंकार किया था।



विधायक देवेंद्र यादव ने इस संबंध में बीएसपी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद पीएंडए ईडी एसके दुबे ने आदेश जारी किए। इनमें प्लेट मिल, बीबीएम, मर्चेंट मिल, वायर रॉड मिल, एसएमएस-1, ब्लास्ट फर्नेस-6 और ब्लास्ट फर्नेस-7 यूनिट को बंद किया जाएगा। यहां 28 मार्च से 3 शिफ्ट में काम होंगे। शेड्यूल के मुताबिक, सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक, दूसरा शिफ्ट दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक और तीसरा और आखिरी शिफ्ट रात 11 बजे से सुबह 11 बजे तक काम होंगे।  


किराना सामान और सब्जी के दाम बढ़ाने वालों पर कार्रवाई करें


लॉकडाउन में किराना सामान और सब्जी के दाम बढ़ाकर बेचने वालों के खिलाफ मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने कहा- व्यापारियों से मेरा  निवेदन है इस समय अनुचित लाभ न उठाएं, जरूरी चीजों की पूर्ति करें। 


मस्जिदों में जुमे की नमाज पर पाबंदी


छत्तीसगढ़ की मस्जिदों में जुमे की नमाज पर पाबंदी लगा दी गई है। लाउडस्पीकर से अजान पर भी रोक है। शुक्रवार को मस्जिदों में जुमे की नमाज नहीं पढ़ी गई। मस्जिदों में 5 से ज्यादा लोग नमाज नहीं पढ़ सकेंगे। भिलाई में पुलिस ने विदेश से लौटे 5 लोगों के खिलाफ जानकारी छिपाने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। संक्रमण फैलने से रोकने के लिए कचरा कलेक्शन की नई गाइडलाइन जारी की गई है। राज्य सरकार ने रायपुर के निजी मेडिकल कॉलेज रिम्स को अपने अंडर में ले लिया है। यहां कोरोना के मरीजों का इलाज किया जाएगा। 



सैकड़ों किमी का सफर कर घर लौट रहे लोग



सुकमा में अन्य प्रदेशों से पैदल पहुंच रहे मजदूरों की बॉर्डर पर ही स्वास्थ्य जांच की जा रही है।


लॉकडाउन के बीच अलग-अलग प्रदेशों में फंसे मजदूर सैकड़ों किमी का सफर पैदल ही तय कर रहे हैं। सुकमा में गुरुवार देर शाम 25 से अधिक मजदूर करीब 150 किमी का सफर तय कर कोंटा पहुंचे। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कर घर भेजा गया। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बड़ी संख्या में मजदूर फंसे हैं। इसी तरह रायपुर की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मध्यप्रदेश के 11 मजदूर भी निकल पड़े हैं। अनुमान है कि वे 5 दिन में शहडोल के पास अपने गांव पहुंच जाएंगे। रास्ते में जगह-जगह उनकी स्क्रीनिंग की जा रही है। 4 दिन से पैदल चल रहे महाराष्ट्र के मजदूरों को ट्रक से उनके गांव रवाना किया। ये 4 मजदूर भाटापार से पैदल भिलाई पहुंचे थे। 


रिम्स में 350 बेड का इंतजाम



रायपुर के रिम्स मेडिकल कॉलेज में कोरोना के मरीजों का इलाज होगा।


राज्य सरकार ने निजी मेडिकल कॉलेज रिम्स को सभी संसाधनों और स्टाफ के साथ अगले आदेश तक अपने अंडर में ले लिया है। 350 बिस्तरों के इस अस्पताल में कोरोना के मरीजों का इलाज किया जाएगा।


मंदिर, गुरुद्वारे के लंगर पर रोक, प्रदेश का सबसे बड़ा शास्त्री बाजार बंद
मुस्लिम समाज ने प्रशासन के साथ बैठक में निर्णय लिया गया कि शुक्रवार को जुमे की नमाज हर मस्जिद में सिर्फ 5 आदमी ही पढ़ेंगे। बाकी घरों से नमाज अदा करेंगे। निगम प्रशासन ने मंदिर और गुरुद्वारे में लंगर पर प्रतिबंध लगा दिया है। प्रदेश के सबसे बड़े शास्त्री बाजार को भी बंद कराया गया है। शुक्रवार को नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लाखे नगर के हिंद स्पोर्टिंग मैदान में सब्जी की दुकानें लगवाईं। लेकिन, सुबह भीड़ की तस्वीरें सोशल डिस्टेंसिंग को तोड़ती दिखीं।  


हर समय तैनात रहेगी वेस्ट कलेक्शन टीम 
कोरोना संदिग्धों के हाथों से गुजरा कचरा और मेडिकल वेस्ट पूरे शहर में संक्रमण फैला सकता है। इसलिए इनके कचरे को अलग से जमा करने के लिए नई गाइडलाइंस जारी की गई है। जिस गाड़ी से ये कचरा ले जाया जाएगा, उस गाड़ी को भी पूरी तरह सेनिटाइज किया जाएगा। आम लोगों के हाथों से निकलने वाला कचरा पीले रंग के बैग में अलग रखा जाएगा। प्रदेश के सभी 169 नगरीय निकायों को क्वारैंटाइन सेंटर, होम केयर या आइसोलेशन में रह रहे लोगों के घरों से निकलने वाले वेस्ट की जानकारी शासन को भेजनी होगी। 


पूरी तरह पैक होगी कचरा गाड़ी, सड़क पर कचरा नहीं 
कचरा ले जाने वाली गाड़ी पूरी तरह पैक होगी। इसको क्वारैंटाइन सेंटर से या घरों से लेने आने वाले लोग विशेष तरह के परिधान पहनेंगे। यह तय किया जाएगा कि सड़क पर जरा सा भी कचरा न गिरे। हर दिन कितना वेस्ट जमा किया गया इसकी रिपोर्ट पर्यावरण संरक्षण मंडल तक भी जाएगी। हर एक ट्रिप के बाद गाड़ी को एक प्रतिशत हाइपोक्लोराइट के घोल से सैनिटाइज किया जाएगा, ताकि संक्रमण फैलाने वाले वायरस तुरंत वहीं मर जाएं। 


भाजपा 5 करोड़ लोगों काे भोजन कराएगी 
भाजपा ने महाभोजन अभियान शुरू किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने प्रदेश संयोजक नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ता 5 करोड़ लोगों को भोजन कराएंगे।